। बृजमनगंज ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत बहदुरी में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बनाया गया एकीकृत अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र इन दिनों सवालों के घेरे में है। ग्रामीणों के अनुसार केंद्र तक पहुंचने के लिए समुचित रास्ता नहीं होने के कारण कचरा लेकर वहां पहुंचना ही चुनौती बना हुआ है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब केंद्र तक पहुंचने की व्यवस्था ही दुरुस्त नहीं है तो गांव से निकलने वाले कचरे का नियमित और व्यवस्थित निस्तारण कैसे होगा?
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कचरा प्रबंधन के लिए केंद्र का निर्माण कराया गया है, लेकिन केंद्र तक जाने वाला रास्ता सुगम नहीं होने से इसका संचालन प्रभावित हो रहा है। विशेषकर बारिश के दिनों में रास्ते की स्थिति खराब होने पर कचरा वाहन अथवा सफाई कर्मियों के लिए केंद्र तक पहुंचना और भी मुश्किल हो सकता है।
निर्माण के बाद उपयोगिता पर सवाल
एकीकृत अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र का उद्देश्य गांव में निकलने वाले कचरे को एकत्र कर उसका पृथक्करण और उचित निस्तारण करना है। इसके बावजूद यदि केंद्र तक पहुंचने के लिए बुनियादी रास्ते की सुविधा उपलब्ध नहीं है तो सरकारी योजना के वास्तविक लाभ पर सवाल उठना स्वाभाविक है। ग्रामीणों का कहना है कि केंद्र का नियमित उपयोग तभी संभव है, जब वहां तक आने-जाने का रास्ता सुगम बनाया जाए।

