बृजमनगंज में 12 लीटर कच्ची शराब के साथ तीन महिलाएं गिरफ्तार
बृजमनगंज (महाराजगंज)।
स्थानीय पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम विशुनपुर अकरौना के शिवपुर धोबीटोला में छापेमारी कर अवैध कच्ची शराब बनाने का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके पास से 12 लीटर कच्ची शराब और शराब बनाने का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव में अवैध शराब का निर्माण किया जा रहा है। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस और आबकारी टीम ने बताए गए ठिकाने पर दबिश दी। मौके से पुलिस ने शारदा पटेल (45), बिन्दुपटेल (47) और सरिता उर्फ रीना पटेल (25) को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान मौके से 12 लीटर कच्ची शराब, 4 एल्युमिनियम के पतीले, 2 चोंगा, 3 जरीकैन, 5 किलो गुड़ और 2 किलो नौसादर बरामद हुआ है।
थाना बृजमनगंज में तीनों अभियुक्तों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र, उपनिरीक्षक मृत्युंजय उपाध्याय और आबकारी टीम के जवान शामिल रहे

